नई दिल्ली- अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) से मामले की स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई अगले सोमवार तय की है।
सुप्रीम कोर्ट ने मांगी जांच की पूरी जानकारी
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे, ने एसआईटी को निर्देश दिया कि वह अपनी जांच की मौजूदा स्थिति और गठन से जुड़ी पूरी जानकारी अदालत में पेश करे।
सुनवाई के दौरान क्या हुआ?
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले की जांच के लिए पहले ही एसआईटी का गठन कर चुकी है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हो रहे हैं। अदालत ने उनसे केंद्र सरकार की ओर से भी नोटिस स्वीकार करने को कहा, जिस पर उन्होंने सहमति जताई। हालांकि बाद में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया जा रहा है। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को अलग से नोटिस जारी नहीं किया गया है।
अगले सोमवार होगी सुनवाई
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को भरोसा दिलाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार जांच में हरसंभव सहयोग करेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी को अगली सुनवाई से पहले स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।