लखनऊ,- उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में गरज-चमक, अतिभारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 34 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसे में कच्चे मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।
33 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और जालौन समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश हो सकती है।
बाराबंकी में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
रविवार को पूर्वांचल, तराई और बुंदेलखंड के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। बाराबंकी में सबसे अधिक 118.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बांदा में 85.6 मिमी, श्रावस्ती में 79.4 मिमी, हमीरपुर में 70 मिमी और रामपुर में 68.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, पांच लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के सीकरी गांव में रविवार रात लगातार बारिश के बीच एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य एक साथ खाना खा रहे थे। इस हादसे में 58 वर्षीय इस्लाम, 10 वर्षीय रुखसार, 5 वर्षीय आहद, 4 वर्षीय अलसीबा और एक वर्षीय जीशान की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लखनऊ में मौसम हुआ सुहावना
राजधानी लखनऊ में रविवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। घने बादलों के कारण सूरज दिखाई नहीं दिया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। शाम तक शहर में लगभग 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में महज 1.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है। प्रशासन को भी संवेदनशील जिलों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।