लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मेरठ के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना का समय रहते खंडन किया जाए, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने और किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।
पड़ोसी राज्यों से रहेगा समन्वय
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि डीजे की आवाज निर्धारित सीमा से अधिक न हो और कांवड़ की ऊंचाई तय मानकों के अनुरूप रखी जाए, जिससे यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
सड़कों की मरम्मत और शिविरों में सभी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने तथा झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर स्वच्छता बनी रहनी चाहिए और कहीं भी कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। कांवड़ शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए ताजा एवं सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित मांस और शराब की सभी दुकानें यात्रा अवधि के दौरान बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए और लगातार निगरानी रखी जाए। इसके अलावा परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए। वहीं विद्युत विभाग को ट्रांसफॉर्मरों और बिजली लाइनों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

अनुशासन बनाए रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा। साथ ही सूचना विभाग के सहयोग से कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए स्वागत द्वार, होर्डिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों से भी अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, किसी भी प्रकार के हुड़दंग से बचें और धार्मिक आस्था के इस आयोजन को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।