लखनऊ- उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए राज्य के 37 जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए तेज़ आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। तेज़ बारिश के साथ कई इलाकों में पेड़ गिरने, जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी जताई गई है।
बिजली गिरने का भी खतरा
भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मिर्जापुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, सहारनपुर, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।