नई दिल्ली- भारत में डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) बिना इंटरनेट के काम करने वाले नए NFC (Near Field Communication) आधारित UPI पेमेंट सिस्टम पर काम कर रहा है। इस तकनीक के जरिए फ्लाइट, अंडरग्राउंड मेट्रो और कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में भी आसानी से UPI पेमेंट किया जा सकेगा।
कैसे करेगा काम नया UPI सिस्टम?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नया सिस्टम NFC तकनीक पर आधारित होगा। इसमें QR Code स्कैन करने की जरूरत नहीं होगी। यूजर को केवल अपने NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को POS मशीन पर टैप करना होगा और पेमेंट पूरा हो जाएगा। खास बात यह है कि इस दौरान इंटरनेट कनेक्शन की आवश्यकता नहीं होगी।
2,000 रुपये तक कर सकेंगे ऑफलाइन पेमेंट
शुरुआत में इस सुविधा के जरिए एक बार में 2,000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए यूजर को पहले इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite Wallet में राशि लोड करनी होगी। बाद में उसी बैलेंस का इस्तेमाल बिना इंटरनेट के भुगतान करने में किया जा सकेगा। कुछ ट्रांजैक्शन में UPI PIN की जरूरत भी नहीं पड़ सकती।
फ्लाइट और मेट्रो यात्रियों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
यह सुविधा खास तौर पर उन जगहों के लिए उपयोगी होगी, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता। फ्लाइट के दौरान, अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन या कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी लोग आसानी से डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे।
POS मशीनों को भी करना होगा अपडेट
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए सिर्फ ग्राहकों का स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि दुकानदारों के NFC-सर्टिफाइड POS टर्मिनल भी जरूरी होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक NPCI जल्द ही ऐसे टर्मिनलों का सर्टिफिकेशन शुरू कर सकता है। इसके बाद बैंक और UPI ऐप्स इस फीचर को अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएंगे।
फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है फीचर
NPCI ने अभी इस सुविधा की लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है। फिलहाल यह तकनीक विकास के चरण में है और भविष्य में इसे चरणबद्ध तरीके से आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।