वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में GST विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने भागने की कोशिश की और महिला पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेस्तरां में बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, बजरडीहा निवासी और ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने अपनी फरवरी 2023 की GST रिटर्न और राज्य GST फाइल समय पर जमा की थी। बाद में विभाग ने फाइल में कथित विसंगतियों का हवाला देते हुए उसे दोबारा जांच के लिए बुलाया। जांच रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह के पास पहुंची, जहां फाइल को मंजूरी देने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा।
शिकायत के बाद विजिलेंस ने की कार्रवाई
अजय कुमार मौर्य ने रिश्वत देने के बजाय वाराणसी विजिलेंस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
रंगे हाथ पकड़ी गई अधिकारी
बुधवार शाम करीब 6:30 बजे भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित GST कमिश्नर कार्यालय के पास दादा रेस्टोरेंट में अजय कुमार मौर्य ने तय योजना के अनुसार 50 हजार रुपये का लिफाफा अंबिका सिंह को सौंपा। जैसे ही उन्होंने रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
भागने की कोशिश, महिला पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की
गिरफ्तारी के दौरान अंबिका सिंह ने मौके से भागने की कोशिश की और चार महिला पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। इस दौरान उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से खुद को बचाने और छुड़ाने की गुहार भी लगाई, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। बाद में विजिलेंस टीम ने उन्हें काबू में कर वाहन से थाने ले गई।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज
वाराणसी विजिलेंस थाने में अंबिका सिंह के खिलाफ रिश्वतखोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों ने संकेत दिए हैं कि उनके द्वारा पहले मंजूर की गई अन्य फाइलों की भी अब जांच की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।