लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार (21 जुलाई) सुबह 10:30 बजे उत्तर प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में 20 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए दो नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को मंजूरी मिल सकती है।
दो नए एक्सप्रेसवे को मिल सकती है मंजूरी
कैबिनेट बैठक में प्रयागराज से सोनभद्र तक करीब 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे और 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी मिलने की संभावना है। विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना पर भी होगा फैसला
बैठक में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं के ईपीसी (Engineering, Procurement and Construction) मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन संबंधी प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है।
कई विभागों के प्रस्ताव भी एजेंडे में
कैबिनेट बैठक में महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह विभाग, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और सहकारिता विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा और मंजूरी की संभावना है।
बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
सरकार का फोकस सड़क संपर्क को मजबूत करने, क्षेत्रीय विकास को गति देने और विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा। कैबिनेट के फैसलों का असर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और निवेश परियोजनाओं पर भी देखने को मिल सकता है।