खड़गपुर: पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बुधवार को अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर तीन बैगों से भारी मात्रा में नकदी मिली। इस मामले में पुलिस ने 36 वर्षीय राहुल सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हावड़ा के 120, जीटी रोड इलाके का रहने वाला है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह टाटानगर से हावड़ा तक यह नकदी लेकर जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
रेलवे पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत उपनिरीक्षक तरुण किशोर जेना अपनी टीम के साथ निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-7 के हावड़ा छोर पर एक संदिग्ध व्यक्ति दो हैंडबैग और एक नीले रंग का बैकपैक लेकर भागने की कोशिश करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया। इसके बाद उससे पूछताछ शुरू की गई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राहुल सोनी (36) के रूप में हुई।
तीन बैगों की तलाशी में मिले 1.40 करोड़ रुपये
मामले की गंभीरता को देखते हुए खड़गपुर जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक अभिजीत चटर्जी की मौजूदगी में स्वतंत्र गवाहों के सामने तीनों बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी की पूरी प्रक्रिया की ई-साक्ष्य प्रणाली के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इस दौरान तीनों बैगों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। नोट गिनने वाली मशीन से रकम की गिनती कराई गई, जिसमें कुल 1 करोड़ 40 लाख रुपये होने की पुष्टि हुई। बरामद रकम में 500 रुपये के कुल 280 बंडल शामिल थे।

टाटानगर से हावड़ा ले जाई जा रही थी बेहिसाब नकदी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टाटानगर से हावड़ा तक यह नकदी लेकर जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के स्रोत और वैधता से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई भी वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्ती सूची तैयार कर पूरी रकम जब्त कर ली।
BNS की कई धाराओं में मामला दर्ज, जांच शुरू
इस मामले में उपनिरीक्षक टी.के. जेना की लिखित शिकायत के आधार पर खड़गपुर जीआरपी थाने में मामला संख्या 167/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(5) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक स्वपन कुमार भुइयां को सौंपी गई है।

आखिर कहां से आए 1.40 करोड़ रुपये? पुलिस खंगाल रही पैसों का स्रोत
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और हावड़ा में यह पैसा किसे सौंपा जाना था। इसके अलावा, इस पूरे मामले में किसी बड़े आर्थिक लेन-देन या अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। खड़गपुर स्टेशन पर इतनी बड़ी नकदी की बरामदगी के बाद रेलवे पुलिस की जांच तेज हो गई है।