छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से तीनों जगहों पर कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया है।जानकारी के अनुसार, सुबह के समय राजनांदगांव, अंबिकापुर और जगदलपुर कोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
राजनांदगांव जिला न्यायालय को दूसरी बार मिली धमकी
राजनांदगांव जिला न्यायालय को यह दूसरी बार धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई है। ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी राजनांदगांव जिला न्यायालय को इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। इससे पहले बिलासपुर जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है।
एडिशनल एसपी ने बताया कि राजनांदगांव जिला न्यायालय में बम लगाए जाने की सूचना एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। सूचना मिलते ही एहतियातन BDS टीम को तत्काल जांच के लिए भेजा गया।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। ई-मेल कहां से भेजा गया, इसकी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments (0)