राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देश पर लोकभवन को 25 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक आम नागरिकों के लिए खोला जा रहा है। इन तीन दिनों के दौरान लोग लोकभवन की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विशेष सजावट को करीब से देख सकेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय संचार ब्यूरो और मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा “राजभवन से लोकभवन” विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो प्रमुख आकर्षण होगी।
राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने नागरिकों से लोकभवन भ्रमण करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह पहल लोकतांत्रिक मूल्यों को नजदीक से समझने, संविधान के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी। यह आयोजन शासन और नागरिकों के बीच संवाद, सहभागिता और विश्वास को सुदृढ़ करेगा।
प्रवेश और समय की व्यवस्था
लोकभवन का भ्रमण 25 और 27 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक किया जा सकेगा, जबकि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को भ्रमण का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। नागरिकों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर में की गई है। प्रवेश गेट क्रमांक-1 से और निकास गेट क्रमांक-4 से होगा।
भ्रमण का निर्धारित मार्ग
गेट क्रमांक-1 से प्रवेश के बाद नागरिक सचिवालय, वीआईपी रोड और कांच गेट होते हुए लोकभवन परिसर में पहुंचेंगे। इस दौरान स्वर्ण जयंती सभागार (बैंक्वेट हॉल), ऐतिहासिक दरबार हॉल, तोप और ध्वज वंदन स्थल का अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद सिविल डिस्पेंसरी के सामने आयोजित केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रदर्शनियां, सांदीपनि सभागार के बाहर वॉटर फाउंटेन के पास वीडियो वॉल पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन देखा जा सकेगा। अंत में नागरिक मंदिर के सामने वाले द्वार से होकर गेट क्रमांक-4 से बाहर निकलेंगे।
केंद्र और राज्य सरकार की प्रदर्शनियां रहेंगी खास आकर्षण
लोकभवन भ्रमण के दौरान आमजन केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों से जुड़ी प्रदर्शनियों को देख सकेंगे। केन्द्रीय संचार ब्यूरो द्वारा “वीबी-जी रामजी योजना” और “वंदे भारत” थीम पर आधारित सूचनात्मक प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं, जनसंपर्क विभाग की “राजभवन से लोकभवन” प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की स्थापना से लेकर अब तक के सभी राज्यपालों की जानकारी को रोचक और सरल रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
Comments (0)