मक्सी रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां एक मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालगाड़ी उज्जैन से गुना की ओर जा रही थी।हादसे के दौरान मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे पूरी ट्रेन दो हिस्सों में विभाजित हो गई। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना का मुख्य कारण रेल ट्रैक का टूटना बताया जा रहा है। ट्रैक क्षतिग्रस्त होते ही मालगाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और उसके डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मक्सी में मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। रेल यातायात को नियंत्रित करते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारी फिलहाल हादसे को लेकर कोई स्पष्ट या आधिकारिक बयान देने से बचते नजर आए।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा
हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित रहा, जिसे धीरे-धीरे सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्टेशन प्रबंधन ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण ट्रैक में तकनीकी खराबी हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच के लिए उज्जैन से रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर रवाना की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
Comments (0)