बुधवार और गुरुवार को जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम संभाग में अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं, भोपाल और इंदौर संभाग के जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और उत्तर ओडिशा के आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही ऊपरी हवा में एक सक्रिय चक्रवात भी मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिणी महाराष्ट्र तट तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी है, जो ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से होकर गुजर रही है।
इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र के ऊपर और उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवातीय घुमाव बने हुए हैं। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो 27 सितंबर तक अवदाब में परिवर्तित होकर दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।
ओडिशा के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और उत्तर भारत में सक्रिय चक्रवातीय गतिविधियों के कारण मध्य प्रदेश में नमी बढ़ रही है। इसके चलते बुधवार और गुरुवार को जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम संभाग में वर्षा के अच्छे संकेत हैं। वहीं भोपाल और इंदौर संभाग में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
Comments (0)