प्रदेश में अक्टूबर महीने की शुरूआत से ही झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। अपनी विदाई से पहले प्रदेश के पूर्वी हिस्सों पर मानसून मेहरबान है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। शनिवार को 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे के अंदर साढ़े चार इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं राजधानी भोपालमें अगले 5 दिन तक झमाझम बारिश होने का अनुमान है।
आज इन जिलों में भारी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती के मुताबिक, वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में गहरा लो प्रेशर सक्रिय है। इसके साथ ही अरब सागर में भी लो प्रेशर का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में हवा के ऊपरी स्तर पर चक्रवात प्रभावी है। इन तीनों मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी है। इसका असर अगले कुछ दिन और देखने को मिलेगा। शनिवार को भी मौसम विभाग ने रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अगले 24 घंटे के अंदर साढ़े 4 इंच तक पानी गिरने का अलर्ट जारी किया है।
भोपाल में अगले 5 दिन बारिश
राजधानी भोपाल और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। शुक्रवार को दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी का दौर चलता रहा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। उमस भरी गर्मी से परेशान शहरवासियों को अब राहत मिलने के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में भी पोस्ट मानसून बारिश देखने को मिलेगी।
Comments (0)