रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर आमानाका थाना पुलिस ने बच्चों की देखभाल करने वाली आया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट अंकिता की 3 वर्षीय बेटी हीरापुर स्थित फर्स्टक्राई इंटेलाइटोटस प्री स्कूल एवं डे केयर में पढ़ती है। 23 जनवरी को स्कूल परिसर में वसंत पंचमी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान आया माधुरी बच्ची को मुंह धुलवाने के बहाने ले गई, जहां उसने जानबूझकर बच्ची का सिर दीवार से टकरा दिया। इस घटना में बच्ची के सिर में चोट आई।
घटना का खुलासा स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुआ, जिसमें आया द्वारा बच्ची के साथ की गई मारपीट साफ नजर आई। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने न तो आरोपी आया के खिलाफ कोई कार्रवाई की और न ही बच्ची का तत्काल इलाज कराया।
घर लौटने के बाद जब परिजनों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने बताया कि स्कूल में उसके साथ रोज मारपीट की जाती थी। इसके बाद परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, जिसमें पूरे मामले की पुष्टि हुई। इसके पश्चात परिजनों ने बच्ची का इलाज कराया और आमानाका थाने में पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
आमानाका थाना पुलिस ने आरोपी आया के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका और लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Comments (0)