रायपुर। राजधानी रायपुर में वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग ने जंगली सूअर का शिकार करने और उसकी बेरहमी से हत्या करने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना शहर से सटे सरगांव क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जंगली सूअर सड़क हादसे में घायल हो गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सूअर पर पत्थर और लाठी से हमला करना शुरू कर दिया। आरोप है कि लगातार और बेरहमी से किए गए हमले के कारण जंगली सूअर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत जंगली सूअर के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें सूअर पर हमला करते हुए आरोपी नजर आ रहे थे।
वीडियो के आधार पर वन विभाग ने आरोपियों की पहचान की और त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के साथ किसी भी तरह की क्रूरता की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
Comments (0)