सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विशाल रैली के रूप में पीटीसी ग्राउंड पहुंचे। कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं और आमजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना और देखा। इस दौरान सेवा ज्योति यात्रा के दो रथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किए गए।
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को बताया राष्ट्रसेवा की यात्रा
विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन केवल सत्ता में रहने का काल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण, सुशासन और भारत के पुनर्निर्माण की निरंतर यात्रा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज विकसित भारत-2047 के संकल्प तक पहुंच चुकी है। राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन के हर चरण में राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई दिशा हासिल की है।
योजनाओं से बदली देश के विकास की तस्वीर
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि पिछले वर्षों के भारत और आज के भारत की तुलना करें तो विकास की तस्वीर में बड़ा बदलाव दिखाई देता है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने में लंबा समय लगता था, जबकि आज डिजिटल तकनीक, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और सुशासन के माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी कम हुई है। उन्होंने जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, यूपीआई और सड़क-रेल नेटवर्क के विस्तार जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम नागरिक के जीवन को प्रभावित किया है।
गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा विकास के केंद्र में
राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास को केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि गांव, किसान, गरीब, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर, शौचालय, गैस कनेक्शन, बैंक खाता, नल से जल और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की सुविधाएं पहुंचाना है।
विश्व पटल पर मजबूत हुई भारत की पहचान
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका भी मजबूत हुई है। आज दुनिया भारत को आर्थिक, तकनीकी, डिजिटल और कूटनीतिक रूप से प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में देख रही है। उन्होंने डिजिटल भुगतान, स्टार्टअप और नवाचार, अंतरिक्ष क्षेत्र, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक बुनियादी ढांचे को भारत की बदलती पहचान से जोड़ा। राजपूत ने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत ने अपनी बात मजबूती के साथ रखी है।
सेवा ज्योति यात्रा से जन-जन तक पहुंचेगा विकसित भारत का संदेश
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान दो सेवा ज्योति रथ कलश के साथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किए गए। ये रथ जैसीनगर और राहतगढ़ होते हुए सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश देंगे।
सेवा से सुशासन और सुशासन से विकसित भारत का संकल्प
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन यह संदेश देता है कि स्पष्ट विजन, मजबूत इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संदेश को प्रत्येक गांव और परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” देश के विकास की दिशा बन चुका है। भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
हजारों कार्यकर्ताओं ने देखा पीएम मोदी का लाइव संबोधन
विकसित भारत संकल्प सभा में सुरखी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन पहुंचे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता विशाल रैली के रूप में पीटीसी ग्राउंड पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं और आमजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सामूहिक रूप से सुना और देखा। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, रानी पटेल, पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र लोधी, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक नारायण कबीरपंथी, पूर्व महापौर सुधा जैन, यश अग्रवाल, जगन्नाथ गोरिया, अर्पित पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।