भोपाल। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक प्रभुराम चौधरी के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृहग्राम जैत पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
जैत पहुंचकर सिंधिया ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने सहयोगी मंत्रियों और विधायक के साथ सीहोर जिले के जैत गांव पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सिंधिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने चौहान परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान किया।

चैतन्य कश्यप के निवास पर भी पहुंचे सिंधिया और गोविंद सिंह राजपूत
वहीं, भोपाल में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप के निवास पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मंत्रियों ने जताई गहरी संवेदना
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।