इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में दान पेटियों की गिनती जारी है। 10 अगस्त से शुरू हुई काउंटिंग में गुरुवार तक चार दिनों में 1 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। यह पूरी राशि मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई है। शुक्रवार को भी दान पेटियों से प्राप्त राशि की गिनती जारी रहेगी।
40 दान पेटियों में जमा होती है भक्तों की आस्था
खजराना गणेश मंदिर में दर्शन के लिए रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में कुल 40 दान पेटियां रखी गई हैं, जिनमें भक्त अपनी श्रद्धानुसार राशि अर्पित करते हैं। मार्च के बाद अगस्त में इन दान पेटियों को खोला गया है। इनसे प्राप्त राशि की गिनती मंदिर परिसर में ही की जा रही है।
चार CCTV कैमरों से निगरानी, वीडियोग्राफी भी
दान राशि की गिनती वाली जगह पर चार CCTV कैमरे लगाए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा एक वीडियोग्राफर लगातार काउंटिंग की रिकॉर्डिंग कर रहा है। दान पेटियों को जिस स्थान से गिनती वाले परिसर तक लाया जाता है, वहां भी वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
मार्च में मिले थे 1.35 करोड़ रुपए
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इससे पहले मार्च में दान पेटियां खोली गई थीं। उस दौरान करीब चार महीने की दान राशि के रूप में 1 करोड़ 35 लाख रुपए प्राप्त हुए थे। यह राशि भी मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई थी। इस बार भी दान पेटियों से मिलने वाली राशि में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और शुक्रवार को काउंटिंग पूरी होने के बाद कुल राशि और बढ़ने की संभावना है।