भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस प्रशासन में हाल ही में हुए बड़े तबादलों ने राज्य में पुलिस विभाग की दिशा और निर्णय क्षमता को स्पष्ट किया है। 2 मई की रात 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए, जिसमें कुछ अधिकारियों को ‘इनाम’ और कुछ को ‘वनवास’ के रूप में देखा जा रहा है। वहीं जनवरी में प्रमोट कर डीआईजी बनाए गए आईपीएस अफसरों की अब पोस्टिंग की गई है। इनमें से 10 अधिकारी एसपी रैंक की ही जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इन सभी को अब जाकर मूल काम दिया गया है।
सागर और बुरहानपुर के पद फिलहाल खाली
सागर आईजी का पद पिछले एक महीने से खाली है और जिले के लिए कोई उपयुक्त अधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है। फिलहाल नर्मदापुरम के आईजी मिथलेश शुक्ला सागर का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। बुरहानपुर एसपी देवेंद्र पाटीदार को झाबुआ भेजा गया है, लेकिन उनकी जगह अभी तक किसी को पोस्ट नहीं किया गया है। इन पदों की रिक्तता को देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही दूसरी आईपीएस तबादला सूची जारी की जा सकती है। इस सूची में भी करीब 30-40 नाम हो सकते हैं।
सिवनी और सिंगरौली एसपी भी बदले
सिवनी में हवाला कांड के बाद एसपी सुनील मेहता को हटाकर इंदौर में डीसीपी बनाया गया। इसे पुलिस विभाग में ‘इनाम’ के रूप में देखा जा रहा है। सिंगरौली में हाल ही में हुई बैंक डकैती के बाद मुख्यमंत्री और डीजीपी की नाराजगी को ध्यान में रखते हुए एसपी मनीष खत्री को PHQ भोपाल में भेजा गया। इसे विभाग में ‘वनवास’ की तरह माना जा रहा है।
प्रशिक्षण शाखा की कमान अब स्पेशल डीजी के पास
मध्य प्रदेश पुलिस की प्रशिक्षण शाखा की जिम्मेदारी अब स्पेशल डीजी रवि कुमार गुप्ता के अधीन है। इससे पहले यह पद लंबे समय तक एडीजी राजाबाबू सिंह के पास था, जिन्हें अब रेल एडीजी बनाया गया है।
10 IPS अधिकारियों को मिली DIG रैंक की जिम्मेदारी
जनवरी 2026 में कई आईपीएस अधिकारियों को प्रमोट किया गया था, लेकिन अब तक 10 अधिकारी SP रैंक की ही जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब इन्हें DIG रैंक की नई जिम्मेदारी दी गई है।
नाम वर्तमान पद नई पदस्थापना कितने समय से थे पोस्टेड
मनोज कुमार राय SP, खंडवा DIG, पुलिस मुख्यालय मार्च 2024
असित यादव SP, भिंड DIG, ग्वालियर अक्टूबर 2023
विवेक सिंह DCP, भोपाल DIG, शहडोल सितंबर 2025
शैलेंद्र सिंह चौहान SP, रीवा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, भोपाल सितंबर 2025
मयंक अवस्थी SP, धार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, इंदौर सितंबर 2025
विकास सहवाल SP, सागर DCP, भोपाल अगस्त 2024
समीर सौरभ SP, मुरैना SP, रेडियो भोपाल अगस्त 2024
सुनील कुमार मेहता SP, सिवनी DCP, इंदौर जून 2024
मनीष खत्री SP, सिंगरौली AIG, PHQ भोपाल नवंबर 2024
श्रुतकीर्ति सोमवंशी SP, दमोह सेनानी SAF, ग्वालियर मार्च 2024