रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रीवा एयरपोर्ट पर हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान भाषण देते हुए सांसद पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की नीति का विरोध करने वालों पर भड़क गए। इसी दौरान उन्होंने मंच से ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा’ जैसी अमर्यादित टिप्पणी कर दी। वीडियो सामने आने के बाद सांसद के बयान को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।
रीवा एयरपोर्ट कार्यक्रम में दिया बयान
रीवा एयरपोर्ट पर हवाई सेवा के शुभारंभ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद थे। इसी कार्यक्रम में संबोधन के दौरान सांसद ने पेट्रोल और इथेनॉल के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का बताया कारण
सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि देश में पेट्रोल की मांग लगातार बढ़ रही है। बढ़ती ईंधन जरूरतों को पूरा करने के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया जा रहा है। उन्होंने इथेनॉल मिश्रण की नीति का बचाव करते हुए कहा कि देश की बढ़ती पेट्रोल की जरूरतों को देखते हुए यह व्यवस्था जरूरी है।
‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा’
इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों का जिक्र करते हुए सांसद का तेवर अचानक तीखा हो गया। ‘शुद्ध पेट्रोल’ की मांग करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने मंच से कहा, शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के यहां से आएगा।’सांसद के इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंच पर मौजूद थे कई बड़े नेता
जिस वक्त जनार्दन मिश्रा ने यह बयान दिया, उस दौरान मंच पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सतना सांसद गणेश सिंह और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी समेत कई नेता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान दिए गए इस बयान को लेकर अब राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सांसद के बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स सांसद की भाषा को जनप्रतिनिधि के पद के अनुरूप नहीं बताते हुए आलोचना कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग उनके बयान को उनके बेबाक और देसी अंदाज से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल सांसद के बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है।