विदिशा: विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार शाम पटाखा बाजार में अचानक आग लग गई। श्रीरामलीला मेला ग्राउंड में लगी आग ने देखते ही देखते 7 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखे लाखों रुपए के पटाखे जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से 3 गाड़ियां भी जल गईं। पटाखों में लगातार धमाके होने और रॉकेट इधर-उधर उड़ने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
एक दुकान से शुरू हुई आग, 7 दुकानें चपेट में आईं
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6 बजे श्रीरामलीला मेला ग्राउंड के पटाखा बाजार में एक दुकान से आग की शुरुआत हुई। देखते ही देखते आग आसपास की दुकानों तक फैल गई और कुल 7 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।दुकानों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे, जिसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
पटाखों के धमाकों से बाजार में मची भगदड़
आग लगते ही दुकानों में रखे पटाखे फूटने लगे। तेज धमाकों के साथ रॉकेट इधर-उधर उड़ने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाजार में मौजूद लोगों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
3 गाड़ियां भी जलकर राख
आग की चपेट में आने से पटाखों की दुकानों के साथ पास खड़ी गाड़ियां भी जल गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 3 गाड़ियां राख हो गईं।आग से दुकानदारों को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है।
257 दुकानदारों को मिली थी जगह, 150 ने ही लगाई दुकानें
नगर पालिका ने श्रीरामलीला मेला ग्राउंड में पटाखा बाजार लगाने के लिए लॉटरी के माध्यम से 257 दुकानदारों को जगह आवंटित की थी।हालांकि, गुरुवार तक करीब 150 दुकानदारों ने ही अपनी दुकानें लगाई थीं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुकानों तक जनरेटर के माध्यम से बिजली पहुंचाई जा रही थी। बिजली सप्लाई करने वाली केबल में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।