हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने तंजानिया के अरूशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (IPU) असेंबली के उद्घाटन समारोह में बहुदलीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत का प्रतिनिधित्व किया। असेंबली का आयोजन 5 से 9 अक्तूबर तक किया जा रहा है।
भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का किया नेतृत्व
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने किया। प्रतिनिधिमंडल में सांसद अपराजिता सारंगी, सस्मित पात्रा, संजय जायसवाल, कमलजीत सहरावत, लता वानखेड़े, बिजुली कलिता मेधी और एन.के. प्रेमचंद्रन शामिल हैं।153वीं IPU असेंबली में सुशासन, समावेशिता, जन-केंद्रित विकास और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने इन मुद्दों पर भारत के दृष्टिकोण और अनुभव को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।
भारत-तंजानिया संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा
उद्घाटन समारोह से इतर अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसद डॉ. सस्मित पात्रा और एन.के. प्रेमचंद्रन के साथ तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वदीप डे की मौजूदगी में तंजानिया सरकार के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय संवाद में हिस्सा लिया।इस दौरान सुशासन, समावेशिता, जन-केंद्रित विकास और भारत-तंजानिया सहयोग को और मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। संवाद के जरिए दोनों देशों के बीच सहयोग और संबंधों को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
वैश्विक मंच पर भारत का पक्ष रखा
153वीं IPU असेंबली भारत को वैश्विक संसदीय मंच पर अपने विकास मॉडल, सुशासन और जन-केंद्रित नीतियों के अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान कर रही है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी के जरिए इन मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखा गया।