आगरा में एक घर के फ्रिज के अंदर जमी बर्फ की शिवलिंग जैसी आकृति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग इसे बाबा बर्फानी का स्वरूप मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु आकृति के सामने जलाभिषेक, पूजा-पाठ और नकद चढ़ावा अर्पित करते भी दिखाई दे रहे हैं।
आगरा के खेरिया मोड़ इलाके का मामला
यह मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा इलाके का बताया जा रहा है। घर की रहने वाली लता कुशवाहा के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे उनकी छोटी बहन बर्फ लेने के लिए घर आई थी। जब फ्रिज खोला गया तो उसके अंदर बर्फ से बनी एक ऐसी आकृति दिखाई दी, जो देखने में शिवलिंग जैसी प्रतीत हो रही थी।
अमरनाथ यात्रा की इच्छा के बाद दिखी आकृति
लता कुशवाहा ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपने पति रमेश कुशवाहा से अमरनाथ यात्रा पर जाने की इच्छा जताई थी। हालांकि, पति ने बच्चों के छोटे होने का हवाला देकर फिलहाल यात्रा टालने की बात कही थी। परिवार का कहना है कि उसी रात फ्रिज के भीतर यह आकृति दिखाई दी, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए।
दर्शन के लिए उमड़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़
परिवार द्वारा आसपास के लोगों को इसकी जानकारी देने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु घर पहुंचने लगे। कई लोगों ने इस आकृति को बाबा बर्फानी का स्वरूप मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी। श्रद्धालु फूल, प्रसाद और नकद चढ़ावा भी अर्पित कर रहे हैं। देखते ही देखते यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई और सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।
अलका लांबा ने सोशल मीडिया पर कसा तंज
इस घटना को लेकर अब ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने तंज कसा है।अलका लांबा ने फ्रिज में बनी बाबा बर्फानी जैसी आकृति की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है, श्रद्धालुओं ने भगवान को चढ़ावा भी चढ़ाना शुरू कर दिया है। सरकार को चाहिए कि तुरंत अमरनाथ यात्रा को आगरा की ओर मोड़ दिया जाए। बस तब तक फ्रिज बंद मत कीजिएगा, नहीं तो एक बार फिर भक्तों को निराशा होगी। जय भगवान बाबा बर्फानी की। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस और तेज हो गई।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
फ्रिज में बनी बर्फ की इस आकृति को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे भगवान शिव का चमत्कार और आस्था का विषय बता रहे हैं, जबकि अन्य लोगों का कहना है कि फ्रिज में बर्फ का अलग-अलग आकार में जमना एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया हो सकती है। फिलहाल यह मामला धार्मिक आस्था, वैज्ञानिक सोच और सोशल मीडिया की बहस का केंद्र बना हुआ है।