झांसी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे श्राद्ध कर्म के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई।देवीसिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी (45) अपने बेटे अर्पित (12), भांजे पुष्कर शुक्ला (23) और भतीजे अभिनय तिवारी (26) व श्रेयांश तिवारी (21) के साथ नदी किनारे पिंडदान के लिए पहुंचे थे। पुष्कर शुक्ला जालौन का रहने वाला था।
पूजा के दौरान अनूप तिवारी नदी में डूबने लगे
बताया गया कि पिंडदान और कर्मकांड के बाद अनूप तिवारी पूजा करने के लिए नदी में उतरे। वह नदी के बीच तक पहुंचे ही थे कि अचानक गहरे पानी में डूबने लगे।अनूप को डूबता देखकर उनके बेटे अर्पित, भांजे पुष्कर और भतीजे अभिनय व श्रेयांश उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। देखते ही देखते पांचों लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश और बचाव अभियान शुरू कराया।करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोताखोरों ने एक-एक कर पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सीएचसी मऊरानीपुर भेजा गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में पिता-पुत्र, भांजे और दो भतीजों की मौत
इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में 45 वर्षीय अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, 23 वर्षीय भांजे पुष्कर शुक्ला तथा 26 वर्षीय भतीजे अभिनय तिवारी और 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी शामिल हैं।हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।