जौनपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश के जौनपुर में विकास परियोजनाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि यूपी में 2 लाख करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड सड़कें बनाई जा रही हैं। साथ ही ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सड़क निर्माण की गुणवत्ता खराब मिली तो ऐसा रगड़ देंगे कि दोबारा कोई काम नहीं कर सकेगा। गडकरी ने यह भी ऐलान किया कि इसी महीने टोयोटा की ऐसी इनोवा लॉन्च होने जा रही है, जो 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलेगी।
खराब काम किया तो ठेकेदार को रगड़ दूंगा: गडकरी
जौनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने ठेकेदारों को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी ठेकेदार से एक पैसा नहीं लिया है और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।गडकरी ने कहा कि वह अपने कार्यालय से ही सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हैं। छोटी-छोटी बातों पर नजर रखते हैं और काम की गुणवत्ता की रिपोर्ट सैटेलाइट के जरिए उनके पास पहुंचती है।उन्होंने कहा कि अगर कोई ठेकेदार काम में गड़बड़ी करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
100% एथेनॉल से चलेगी टोयोटा इनोवा
केंद्रीय मंत्री ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि इसी महीने टोयोटा की इनोवा लॉन्च की जाएगी, जो पूरी तरह 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलेगी।उन्होंने कहा कि यह एथेनॉल किसानों द्वारा उत्पादित फसलों से तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिलेंगे और देश की पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।गडकरी ने कहा कि अब किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जादाता भी बनेंगे।
पेट्रोल-डीजल के आयात पर खर्च होते हैं 22 लाख करोड़
नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर साल पेट्रोल और डीजल के आयात पर करीब 22 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है। अगर वैकल्पिक ईंधन का उत्पादन बढ़ाया जाए तो देश का यह पैसा बचाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि बचने वाला पैसा किसानों और देश की अर्थव्यवस्था के विकास में काम आ सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में शक्कर, ज्वार, मक्का और गेहूं जैसी फसलें किसानों की आर्थिक तरक्की का माध्यम बनेंगी।किसान हवाई जहाज के लिए ईंधन बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसान हाइड्रोजन दाता बनेंगे, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी।गडकरी ने बताया कि मक्के से एथेनॉल बनाने का फैसला लेने के बाद इसका खरीद मूल्य 2,600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। इससे यूपी और बिहार के किसानों को करीब 45 हजार करोड़ रुपये का लाभ मिला।
यूपी में 2 लाख करोड़ से बनेंगी ग्रीनफील्ड सड़कें
नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की जानकारी भी दी।उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 2 लाख करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड सड़कें बनाई जा रही हैं। इनमें कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।गडकरी ने प्रमुख परियोजनाओं को लेकर ये जानकारियां दीं
गोरखपुर से शामली: 6 लेन की सड़क बनाने की योजना है। इसकी लागत करीब 1 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। प्रस्ताव कैबिनेट में भेजा गया है।
गोरखपुर से सिलीगुड़ी: ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने 35 हजार करोड़ रुपये की लागत बताई।
वाराणसी से कोलकाता: करीब 22 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
वाराणसी एलिवेटेड रोड: गंगा किनारे एलिवेटेड रोड का टेंडर हो चुका है।
इन परियोजनाओं से उत्तरप्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद है।
जौनपुर में 3,677 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
गुरुवार को नितिन गडकरी जौनपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कुल 3,677 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया।इस दौरान दो परियोजनाओं का शिलान्यास, तीन का भूमि पूजन और तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।