हरिद्वार : कुंभ मेला-2027 को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अभी से तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे और सीसीआर सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में कुंभ मेला पुलिस की अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने एडीजी को मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था ट्रैफिक मैनेजमेंट भीड़ नियंत्रण आपातकालीन एवं आपदा प्रबंधन संचार व्यवस्था और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल को लेकर जानकारी दी।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को भीड़ के दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान करने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एडीजी ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों और सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी की जा सकें।
आपदा प्रबंधन और संचार व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में आपातकालीन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से संभावित आपात स्थितियों के दौरान राहत और बचाव कार्यों को लेकर तैयारियों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही पुलिस संचार व्यवस्था को मजबूत करने और जरूरत के समय सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल तकनीक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और मेले के दौरान पुलिस की निगरानी क्षमता बढ़ाने को लेकर भी अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
कुंभ मेला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरुगेशन ने अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
एडीजी ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण ले रहे जवानों से किया संवाद
स्थलीय निरीक्षण के बाद एडीजी एटीसी पहुंचे। यहां कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से उन्होंने संवाद किया और प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को मेले के दौरान संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए।
एडीजी ने जवानों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता के बारे में भी दिशा-निर्देश दिए। कुंभ मेला-2027 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस स्तर पर सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण के जरिए पुलिस अधिकारियों ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।