तमलुक, पूर्व मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के काकगेछिया में सोमवार, 26 अक्टूबर को तमलुक संगठनात्मक जिला BJP कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानी देशप्राण बीरेंद्रनाथ शासमल की 145वीं जयंती के अवसर पर कार्यालय की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले डेढ़ साल के भीतर कार्यालय का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जनता के लिए भी खुलेगा जिला कार्यालय
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित कार्यालय केवल पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र नहीं होगा, बल्कि इसे आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के बैठने और संगठनात्मक कामकाज के साथ पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के रहने की व्यवस्था भी होगी।
स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को मिलेगी जगह
मुख्यमंत्री के मुताबिक, कार्यालय में स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें, उनकी जीवनियां और देश की आजादी के संघर्ष से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से परिचित कराने के लिए पुस्तकालय बनाने की भी योजना है। कार्यालय में मुख्यमंत्री के लिए अलग कमरा बनाने की बात भी कही गई। उन्होंने बताया कि इस तरह के कुल 17 पार्टी कार्यालय बनाने की योजना है।
पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना
सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पूर्व मेदिनीपुर में स्थायी जिला कार्यालय बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली थी। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद इस दिशा में काम शुरू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद वह स्वयं कार्यालय का उद्घाटन करने आएंगे।
बीरेंद्रनाथ शासमल की जयंती पर हुआ शिलान्यास
पूर्व मेदिनीपुर जिला परिषद के सभाधिपति बामदेव गुच्छाइत ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी देशप्राण बीरेंद्रनाथ शासमल की 145वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए शिलान्यास हेतु इस दिन का चयन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े स्थानीय इतिहास और सेनानियों के योगदान का भी उल्लेख किया गया।
हल्दिया नगरपालिका चुनाव को लेकर किया दावा
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने आगामी हल्दिया नगरपालिका चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने भाजपा को मिले सात प्रतिशत वोट का उल्लेख करते हुए दावा किया कि आने वाले समय में हल्दिया में विपक्ष का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने निगम और पंचायत चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।
बंगाल की पहचान को लेकर पूर्व सरकार पर आरोप
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक और राजनीतिक पहचान को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अलग झंडे और अलग गीत जैसी अवधारणाओं को बढ़ावा दिया। उन्होंने ‘विश्व बांग्ला’ और कुछ राजनीतिक नारों पर सवाल उठाते हुए उनके बांग्लादेश में प्रचलित नारों से संबंध होने का दावा भी किया। ये आरोप सुवेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक संबोधन के दौरान लगाए।
स्वतंत्रता सेनानियों का किया उल्लेख
अपने संबोधन में सुवेंदु अधिकारी ने बीरेंद्रनाथ शासमल, बिनोदिनी डाकुआ, कुमार जाना, सतीश चंद्र सामंत, सुधीर चंद्र दास और बलई लाल दास महापात्र समेत कई स्वतंत्रता सेनानियों का नाम लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने इन सेनानियों को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने अपने दादा बिपिन अधिकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी अपने परिवार के बुजुर्गों से मिली थी।