सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर 6,438 रुपये घटकर 1.48 लाख रुपये पर पहुंच गई है। पिछले सप्ताह यानी 6 जून को इसकी कीमत 1.54 लाख रुपये थी। वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। एक किलो चांदी का भाव 2.57 लाख रुपये से घटकर 2.43 लाख रुपये प्रति किलो रह गया है। इस दौरान चांदी 14,326 रुपये सस्ती हुई है।
ऑल टाइम हाई से 28 हजार रुपये टूटा सोना
साल 2026 की शुरुआत से ही सोने और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोने की कीमत करीब 28 हजार रुपये तक घट चुकी है। इसी तरह 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2.30 लाख रुपये प्रति किलो था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। तब से अब तक करीब 135 दिनों में चांदी की कीमत 1.43 लाख रुपये तक गिर चुकी है।
क्यों आई सोने-चांदी में गिरावट?
आमतौर पर वैश्विक तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार निवेशकों का रुख कुछ अलग रहा है।
1. कैश को प्राथमिकता दे रहे निवेशक
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। ऐसे में कई बड़े निवेशक सोना और चांदी बेचकर नकदी (कैश) जमा कर रहे हैं, ताकि अनिश्चित परिस्थितियों में उनके पास पर्याप्त लिक्विड फंड उपलब्ध रहे।
2. रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद प्रॉफिट बुकिंग
जनवरी 2026 में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। इसके बाद बड़े निवेशकों ने मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) शुरू कर दी, जिससे बाजार में सप्लाई बढ़ी और कीमतों में गिरावट देखने को मिली।
कीमतों में साप्ताहिक गिरावट
धातु पिछले सप्ताह का भाव मौजूदा भाव गिरावट
सोना (10 ग्राम) ₹1.54 लाख ₹1.48 लाख ₹6,438
चांदी (1 किलो) ₹2.57 लाख ₹2.43 लाख ₹14,326