मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। प्रदेश में 17 नवंवर को मतदान कराया जाएगा, लेकिन राज्य में चुनावी तारीखों के एलान के साथ ही बीजेपी और कांग्रेस समेत तमाम पार्टियों ने अपनी चुनावी तैयारियां और तेज कर दी हैं। वहीं बीजेपी-कांग्रेस के नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी जारी है और खूब आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिलने लगा है। इसी क्रम में सीएम शिवराज सिंह ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा।
प्रियंका जी ने 100 झूठों में एक तो सच बोला
जब सीएम शिवराज सिंह से पत्रकार ने पूछा कि, प्रियंका गांधी ने कल बताया कि, अमेठी में रोड नहीं बनी तो गांव वालों ने राजीव जी को डांटा, इस पर आपका क्या कहना है, इसके जबाब में उन्होंने कहा कि, प्रियंका जी मध्य प्रदेश में आकर लगातार झूठ बोल रही है लेकिन 100 झूठों में एक तो सच बोला, कि उनके स्वर्गीय पिताजी ने भी अमेठी का विकास नहीं किया। कांग्रेस का विश्वास विकास में नहीं है।
बंटाढार ने मप्र को बर्बाद कर दिया था
सीएम शिवराज सिंह ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, जब श्रीमान बंटाढार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। तब मध्य प्रदेश को उन्होंने तबाह और बर्बाद करके रख दिया था। ना सड़क थी, ना बिजली थी, ना पानी था, चारों तरफ केवल हाहाकार था। प्रियंका जी ने ये तो सच स्वीकार कर लिया कि कांग्रेस विकास नहीं करती। विकास केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही करती है। प्रियंका जी इस सच को बताने के लिए आपको धन्यवाद।
Comments (0)