रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार संसद में SIR समेत हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि सरकार विशेष सत्र बुलाकर भी चर्चा कराने को तैयार है, लेकिन विपक्ष को संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए।
अमित शाह छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर के कायाबांधा स्थित विकसित भारत संकल्प पार्क पीपल वन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलवाद का समर्थन करने और असंवैधानिक व्यवस्थाओं का पक्ष लेने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे संसद में ऐसी व्यवस्थाओं का समर्थन करते रहे हैं।
SIR समेत हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने राहुल गांधी को बहस की चुनौती देते हुए कहा कि विपक्ष को संसद में चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए।शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही बाधित करती है और बाहर संविधान की बात करती है। उन्होंने कहा कि संविधान की जिम्मेदारियों का निर्वहन संसद के माध्यम से होता है और विपक्ष को चर्चा में शामिल होना चाहिए।
राहुल गांधी पर असंवैधानिक सरकारों का समर्थन करने का आरोप
गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा असंवैधानिक सरकारों और व्यवस्थाओं का समर्थन किया है।उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों की ओर से चलाई जाने वाली तथाकथित जनताना सरकार का जिक्र किया। शाह ने कहा कि इन इलाकों में नक्सलियों के अपने गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री तक हुआ करते थे, जबकि इन व्यवस्थाओं को जनता ने संवैधानिक तरीके से नहीं चुना था।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस संविधान ने ऐसी सरकार चलाने का अधिकार दिया था? शाह ने आरोप लगाया कि इन व्यवस्थाओं के दौरान निर्दोष पत्रकारों, समाजसेवियों और छात्रों को भी निशाना बनाया गया।
अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया, मोदी जी ने नक्सलमुक्त किया: अमित शाह
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के गठन और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कर विकास की राह पर आगे बढ़ाया गया।उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का भी उल्लेख किया। शाह ने कहा कि जिस जंगल में महुआ और लोकगीतों की गूंज होनी चाहिए थी, वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गईं। जिन बच्चों के हाथों में स्कूल का बस्ता होना चाहिए था, उनके हाथों में बंदूक थमा दी गई।
नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरा
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर नक्सलवाद का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नक्सलवाद के समर्थन में लंबे-लंबे लेख लिखते थे, लेकिन खुद नक्सल प्रभावित इलाकों में जाकर रहने की हिम्मत नहीं दिखाते थे।
शाह ने कहा कि नक्सलवाद के कारण सबसे ज्यादा नुकसान गरीब आदिवासी परिवारों को उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में आने वालों को अवसर देना है, लेकिन कानून तोड़ने और हिंसा करने वालों के खिलाफ सुरक्षा बल कार्रवाई करेंगे।