मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पर्यटन विकास, वन क्षेत्र विस्तार और वन्य जीव संरक्षण की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों के सफल पुनर्स्थापन के बाद अब असम का जंगली भैंसा भी मध्यप्रदेश के जंगलों में नजर आएगा, जिससे राज्य की जैव-विविधता को और मजबूती मिलेगी।
जंगली भैंसा लाने की प्रक्रिया पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री से बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर असम से जंगली भैंसा मध्यप्रदेश लाने की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही वन्य जीव संरक्षण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि आगामी 28 फरवरी को बोत्सवाना से 8 चीते मध्यप्रदेश लाए जाएंगे। चीतों के पुनर्स्थापन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और सहयोग पर भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा हुई।
केंद्र सरकार से मिला पूर्ण सहयोग का आश्वासन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन्य जीव संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने प्रदेश के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
Comments (0)