मध्यप्रदेश में शिक्षण सत्र 2025–26 में 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी। परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। इन परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 12,920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शासकीय, निजी स्कूलों और मदरसों के लगभग 25 लाख विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे।
निजी स्कूलों के लिए अलग भाषा प्रश्नपत्र
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि 522 निजी विद्यालयों के 20,736 विद्यार्थियों के लिए भाषा विषय का प्रश्नपत्र एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार अलग से तैयार किया गया है। अन्य विषयों के प्रश्नपत्र राज्य की निर्धारित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित होंगे।
विशेष आईटी पोर्टल से होगी पूरी परीक्षा प्रक्रिया
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने एक विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया है। इस पोर्टल के जरिए विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, रोल नंबर और प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। उपस्थिति, मूल्यांकन और अंकसूची जारी करने की प्रक्रिया भी इसी पोर्टल से होगी।
हर पात्र विद्यार्थी को मिलेगा परीक्षा का अवसर
राज्य शिक्षा केंद्र ने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र विद्यार्थी परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा। यदि कोई छात्र परीक्षा तिथि तक पंजीकरण नहीं करा पाया है, तो उसे भी परीक्षा में शामिल किया जाएगा और उसकी जानकारी परीक्षा के बाद दर्ज की जाएगी।
Comments (0)