रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से होटल, ढाबा, लॉज और बार संचालकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उत्तर जोन के डीसीपी मयंक गुर्जर के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान डीसीपी मयंक गुर्जर ने प्रतिष्ठानों के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस की शर्तों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों के संचालन में तय समय-सीमा का पालन अनिवार्य बताया।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि होटल, ढाबा, लॉज और बार में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
इसके अलावा, सभी प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें CCTV कैमरों की स्थापना, रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने और ग्राहकों की जानकारी का संधारण शामिल है।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य पुलिस और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
Comments (0)