रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कूल जाने के दौरान दो नाबालिग बच्चे तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना शहर के वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले छत्तीसगढ़ क्लब के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चों को ट्रैफिक पुलिस की टोइंग क्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्रेन चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और टक्कर के बाद मौके से भागने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
फिलहाल पुलिस ने टोइंग वाहन के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Comments (0)