रायपुर। राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग स्कूली छात्रों द्वारा क्लासरूम के अंदर चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्वामी आत्मानंद स्कूल, मोवा का है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ छात्र क्लासरूम के भीतर खुलेआम चाकू लहराते हुए मस्ती करते नजर आ रहे हैं। छात्रों के इस व्यवहार ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। हालांकि, इस घटना को लेकर अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। न ही स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।
फिलहाल प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से मामले पर संज्ञान लिए जाने का इंतजार किया जा रहा है।
Comments (0)