अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने सोमवार को कहा है कि, वह ( पीएम मोदी ) मॉस्को के साथ अपने संबंधों का ‘इस्तेमाल कर’ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन के खिलाफ ‘अवैध युद्ध’को समाप्त करने की अपील करे। आपको बता दें कि, मिलर ने पीएम मोदी के रूस से रवाना होने के तुरंत बाद 9 जुलाई को भी इसी तरह की टिप्पणी की थी।
भारत के रूस के साथ बहुत पुराने संबंध हैं
प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने आगे भारत से अपील करते हुए कहा है कि, भारत के रूस के साथ बहुत पुराने संबंध हैं। मुझे लगता है कि, यह बात सभी को पता है। मिलर ने आगे कहा कि, हमने भारत को प्रोत्साहित किया है कि, वह रूस के साथ इन पुराने संबंधों, अपनी अनूठी स्थिति का इस्तेमाल करे और राष्ट्रपति पुतिन से अपने अवैध युद्ध को समाप्त करने, इस संघर्ष में न्यायपूर्ण एवं स्थायी शांति हासिल करने और संयुक्त राष्ट्र चार्टर, यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता एवं संप्रभुता का सम्मान करने की अपील करे।
पीएम मोदी पर पश्चिमी देशों की करीबी नजर रही
वहीं अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, हम भारत सरकार के सामने इस बात पर लगातार जोर देते रहेंगे। भारत रूस के साथ संबंधों के मामले में हमारा एक महत्वपूर्ण साझेदार है। आपको बता दें कि, पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आठ- नौ जुलाई को दो दिन रूस में थे। यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच उनकी इस यात्रा पर पश्चिमी देशों की भी करीबी नजर रही।
संघर्ष का कोई समाधान युद्धक्षेत्र में संभव नहीं है
पीएम मोदी ने यूक्रेन में युद्ध की पृष्ठभूमि में 9 जुलाई को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा था कि, बम, बंदूकों एवं गोलियों के बीच शांति वार्ता सफल नहीं होती और किसी संघर्ष का कोई समाधान युद्धक्षेत्र में संभव नहीं है। बता दें कि, भारत ने 2022 में यूक्रेन पर किए गए रूस के आक्रमण की अभी तक निंदा नहीं की है और उसने निरंतर वार्ता एवं कूटनीति के जरिए संघर्ष के समाधान की वकालत की है।
Comments (0)