भारत लगातार अपनी डिफेंस इंडस्ट्री को आगे ले जा रहा है। फिलिपींस को ब्रह्मोस मिसाइल बेचने के बाद अब भारत की एक कंपनी ने अमेरिका के साथ ऐतिहासिक समझौता किया है। जिसके तहत अब अमेरिका में एडवांस तोप की सप्लाई की जाएगी। भारत फोर्ज की सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (KSSL) ने मेड-इन-इंडिया एडवांस्ड आर्टिलरी तोपों की सप्लाई के लिए अमेरिका की एएम जनरल के साथ लेटर ऑफ इंटेंट पर दस्तखत किए हैं। भारत और अमेरिका की कंपनी के बीच ये समझौता संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में की गई है, जो डिफेंस इंडस्ट्री के लिए एक मील का पत्थर है। ये पहली बार हो रहा है जब भारत, अमेरिका को एडवांस तोप की सप्लाई करने वाला है।
अमेरिका को एडवांस तोप बेचेगा भारत
अभी तक यही खबर आती रही है कि भारत अमेरिका से या किसी और देश से हथियार खरीद रहा है, लेकिन अब भारत ने हथियारों का निर्यात भी शुरू कर दिया है। एएम जनरल के कार्यकारी उपाध्यक्ष जॉन चैडबोर्न ने कहा है कि "KSSL की युद्ध में साबित आर्टिलरी विशेषज्ञता और टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन के लिए हमारी साझा प्रतिबद्धता अमेरिकीरक्षा बलों को एडवांस आर्टिलरी समाधान देने की जबरदस्त क्षमता पैदा करती है।" आपको बता दें कि भारत फोर्ज की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी KSSL, स्वदेशी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में सबसे आगे रही है। इसने हथियार प्लेटफॉर्म, ऑफ-रोड संरक्षित गतिशीलता समाधान और हाई टेक्नोलॉजी वाले मिलिट्री प्रोडक्ट्स का निर्माण किया है। कंपनी पहले से ही अपने इन-हाउस डिजाइन और विकसित आर्टिलरी सिस्टम, युद्ध सामग्री को दुनिया भर में निर्यात करती है।
भारत फोर्ज की तोपें पूरी तरह से इलेक्ट्रिक ड्राइव सिस्टम से चलती हैं। यह सिस्टम तोपों को विश्वसनीय बनाने के साथ साथ काफी ज्यादा घातक बनाती हैं। तोप को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इसके रखरखाव में काफी कम खर्च हो, इस वजह से ये काफी पसंदीदा तोप बन गई है।
Comments (0)