अमेरिका में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा एक नए संकट की ओर इशारा कर रहा है। इसी बीच अमेरिका के नेवादा में एक बर्ड फ्लू के एक नए प्रकार के संक्रमण की खबर सामने आई है। इसको लेकर संघीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि नेवादा में एक डेयरी कर्मचारी बर्ड फ्लू के एक नए प्रकार से संक्रमित हुआ है, जो पिछले साल से अमेरिका में फैल रहे बर्ड फ्लू से अलग है। हालांकि ये संक्रमण पिछले कई बार की तरह घातक नहीं था। व्यक्ति का मुख्य लक्षण आंखों में लालिमा और जलन था, जो डेयरी गायों से जुड़े अधिकांश बर्ड फ्लू मामलों के समान है। रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्रों के अनुसार, व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया और वह ठीक हो गया है।
सीडीसी ने दी जानकारी
बढ़ते खतरों को लेकर सीडीसी ने कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि इस व्यक्ति से वायरस किसी और व्यक्ति में फैला हो। एजेंसी का कहना है कि यह वायरस आम जनता के लिए कम जोखिम वाला है।वर्तमान में जो बर्ड फ्लू फैल रहा है, वह एच5एन1 इन्फ्लूएंजा वायरस का एक प्रकार है, जो जानवरों और कुछ इंसानों में फैलता है। वैज्ञानिकों ने बताया कि 2023 के अंत में गायों में फैलने के बाद, एक नए प्रकार को B3.13 के रूप में पहचाना गया, जो अब तक 16 राज्यों में 962 मवेशियों को संक्रमित कर चुका है, जिनमें सबसे ज्यादा मामले कैलिफोर्निया से हैं।
एक और नए संकट का प्रभाव
इसके अलावा, एक और नया संस्करण "D1.1" 31 जनवरी को नेवादा के मवेशियों में पाया गया था। यह वायरस जंगली पक्षियों से मवेशियों में फैला था। सीडीसी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल अमेरिका में 68 लोगों को बर्ड फ्लू से संक्रमित होने की जानकारी मिली थी, जिनमें से अधिकांश ने गायों या मुर्गियों के साथ काम किया था। हालांकि, आम जनता के लिए खतरा कम है, लेकिन जिन लोगों का जानवरों के साथ करीबी संपर्क है, उन्हें सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
Comments (0)