अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और एक अन्य देश ने अपने नागरिकों को अफगानिस्तान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए वहां यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है। इन देशों ने चेतावनी दी है कि अफगानिस्तान में आतंकवाद, अपहरण, मनमानी गिरफ्तारियां और मानवाधिकार उल्लंघन के खतरे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने 20 देशों के लिए लेवल-4 "यात्रा न करें" एडवाइजरी जारी की है। इसमें अफगानिस्तान भी शामिल है। यह चेतावनी उन देशों के लिए दी गई है जहाँ यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है, जिसमें सशस्त्र संघर्ष और अन्य जानलेवा जोखिम शामिल हैं।
अमेरिका की सलाह- लेवल 4 यात्रा न करें
अमेरिका के विदेश मंत्रालय के अनुसार यह लेवल-4 एडवाइजरी यात्रा चेतावनियों में सबसे उच्च स्तर की होती है, जो यह दर्शाती है कि संबंधित देश में हालात बेहद अस्थिर और खतरनाक हैं। अफगानिस्तान के मामले में यह चेतावनी 2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए दी गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिकी नागरिकों को इन देशों की यात्रा से बचना चाहिए क्योंकि वहां आतंकवाद, नागरिक अशांति और दूतावासों से मदद न मिलने जैसी समस्याएं हैं। अफगानिस्तान में मौजूदा अमेरिकी नागरिकों को तुरंत सुरक्षित तरीके से देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
मानवीय संकट और सुरक्षा खतरे
अफगानिस्तान इस समय गंभीर मानवीय संकट, आर्थिक तबाही और सुरक्षा खतरों से जूझ रहा है। तालिबान शासन के तहत हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों के लिए स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। इन देशों ने चेतावनी में मानवाधिकारों के हनन, खासकर महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों का भी उल्लेख किया है। तालिबान शासन में महिलाओं की आज़ादी पर पाबंदियां और धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन गया है। लेवल-4 सूची में अफगानिस्तान के अलावा यूक्रेन, हैती, ईरान, रूस और यमन जैसे देश भी शामिल हैं। हर देश की अपनी अलग चुनौतियाँ हैं, जिनमें सशस्त्र संघर्ष, राजनीतिक अस्थिरता और व्यापक हिंसा जैसी स्थितियाँ प्रमुख हैं।
Comments (0)