अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के साथ गहरे मतभेदों के कारण अपने देश के विश्व स्वास्थ्य संगठन से अलग होने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति भवन के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। माइली की कार्रवाई उनके सहयोगी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कदम से मेल खाती है, जिन्होंने 21 जनवरी को पदभार ग्रहण करने के पहले दिन ही एक कार्यकारी आदेश के जरिए अमेरिका को डब्ल्यूएचओ से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
ब्यूनस आयर्स में संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता मैनुअल एडोर्नी ने कहा कि अर्जेंटीना का निर्णय ‘‘स्वास्थ्य प्रबंधन में गहरे मतभेदों पर आधारित है, खासकर (कोविड19) महामारी के दौरान।''
उन्होंने कहा कि उस समय डब्ल्यूएचओ के दिशा-निर्देशों के कारण ‘‘मानव जाति के इतिहास में सबसे बड़ा शटडाउन'' हुआ था। एडोर्नी ने कहा कि अर्जेंटीना किसी भी अंतरराष्ट्रीय संगठन को अपनी संप्रभुता में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं देगा, ‘‘और हमारे स्वास्थ्य क्षेत्र में तो बिल्कुल भी नहीं।''
Comments (0)