भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भेल दशहरा मैदान में होगा राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे।भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से गोपालकों की भागीदारी प्रस्तावित है।
255 करोड़ के डेयरी प्लांट समेत कई परियोजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी।इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला डेयरी प्लांट और भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट शामिल है। इसके अलावा भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन भी प्रस्तावित है।
पशुपालकों को बोनस और गौशालाओं को सहायता
अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। वहीं गौशालाओं के लिए सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।कार्यक्रम में गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे।
भौरी में IISER परिसर का शिलान्यास
गौपालक सम्मेलन के बाद अमित शाह भोपाल बायपास स्थित भौरी के पास IISER (अत्रि) परिसर का शिलान्यास करेंगे। परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।इसके बाद शाम को अमित शाह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।