भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आने वाले समय में नलखेड़ा में बन रहा मां बगलामुखी देवी लोक धर्मप्रेमियों की आस्था, आध्यात्म, श्रद्धा, अनुभव और धार्मिक पर्यटन का एक बड़ा केन्द्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया से नलखेड़ा आने वाले श्रद्धालुओं को अब यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को आगर-मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य देवी लोक परियोजना का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले मां बगलामुखी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए, विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों का भूमि-पूजन कर गैंती चलाकर कार्य का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सिंगल क्लिक से सभी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
85.40 करोड़ रुपये से होगा मां बगलामुखी देवी लोक का निर्माण
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज नलखेड़ा में 85.40 करोड़ रुपए लागत के मां बगलामुखी देवी लोक का भूमि-पूजन हुआ है। यहां की महिमा अद्भुत है। मां सभी की मुरादें पूरी करती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के लोकार्पण के बाद पूरा मालवांचल का वातावरण बदल गया है। अब मां बगलामुखी देवी लोक के विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नलखेड़ा के मार्ग में आने वाली पुलिया और सड़क को आवश्यकतानुसार चौड़ा किया जाएगा, जिससे आवागमन में कोई परेशानी न हो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 14 किमी लंबा एक नया बायपास भी बनाया जा रहा है। इस नए फोरलेन के भूमि-पूजन के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों को बड़ी सौगात मिल रही है। उन्होंने बताया कि लखुंदर नदी पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए 13.77 करोड़ की लागत से एक नया और विशाल उच्च स्तरीय पुल भी बनाया जा रहा है। साथ ही इस स्थान की सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी भ्ज्ञी मजबूत की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा बैजनाथ का भी भव्य-दिव्य धाम बन रहा है। मां बगलामुखी का धाम भी ऐसा ही भव्य बनेगा।
किसानों को मिलेगा उचित दाम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक बनाने का संकल्प लिया है। इसमें श्रीराम की नगरी ओरछा, उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर में एकात्म धाम, चित्रकूट धाम भी शामिल हैं। नलखेड़ा में लखुंदर नदी के तटों पर सुंर और भव्य घाट बनाए जाएंगे। यहां पूरे परिसर और पार्किंग क्षेत्र का विस्तार होगा। साफ-सुथरे शौचालय, पक्की सड़कें और अतिथियों के लिए प्रोटोकॉन भवन भी बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए धर्मशालाओं में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां बगलामुखी के आशीर्वाद से इस वर्ष अलनीनो का प्रभाव कम रहा है और अच्छी बारिश के साथ सोयाबीन की फसल भरपूर हुई है। उन्होंने बताया कि इस साल किसान भाइयों को सोयाबीन की उपज पर लगभग 7000 रुपए प्रति क्विंटल का दाम मिलेगा।
मां बगलामुखी देवी लोक के पहले चरण में होने वाले काम
उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी देवी के पहले चरण में लगभग 85.40 करोड़ रुपये की लागत से भव्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसमें मंदिर के मुख्य शिखर की ऊंचाई 108 फीट होगी। मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिसमें मंदिर के गर्भगृह एवं ऊपरी संरचना का निर्माण तथा पत्थर की क्लैडिंग का कार्य सम्मिलित है। धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक यज्ञों के लिए 220 यज्ञ शालाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही एवं दर्शन व्यवस्था हेतु मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास किया जाएगा। विशिष्ट अतिथियों हेतु आवश्यक सुविधाओं के साथ वीवीआईपी भवन का निर्माण होगा। परिसर में 4 भव्य मुख्य प्रवेश द्वारों का निर्माण तथा संपूर्ण परिसर की सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारपहिया वाहन पार्किंग, बस पार्किंग तथा शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। परिसर का समग्र भूमि विकास, उद्यान एवं हरित क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण हेतु लैंडस्केपिंग एवं साइट डेवलपमेंट का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आधारभूत सुविधाओं के अंतर्गत आंतरिक एवं बाहरी विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, बाहरी प्लंबिंग, अग्निशमन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का विकास किया जाएगा।