मुंबई - शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने खरगे के बयान को निंदनीय बताते हुए उनसे पूरे देश से माफी मांगने की मांग की। शायना एनसी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्य ही विपक्ष को चुनाव में हराने के लिए काफी हैं। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन के भीतर मतभेदों की खबरों को भी खारिज किया।
खड़गे के बयान पर शायना एनसी का तीखा हमला
शायना एनसी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि खड़गे को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। शायना ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रहा है।
उन्होंने कहा, “आप प्रधानमंत्री मोदी के पिता का नाम लेते हैं, लेकिन देश में जो काम हुआ है, उसे याद नहीं करते। प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्य ही आपको हराने के लिए काफी हैं। जनता ने हमें चुना है, आपको नहीं। जनता किसके साथ है, यह आपको तब पता चलेगा, जब आप चौथी बार हारेंगे।”
'पीएम मोदी को 140 करोड़ लोगों का आशीर्वाद'
शायना एनसी ने कहा कि खरगे यह भूल रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि देश में कई लोग प्रधानमंत्री मोदी को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं, तो कई लोग उनके प्रति गहरी श्रद्धा रखते हैं।
शायना ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी विकास और जनहित के मुद्दों पर बात करने के बजाय गाली-गलौज की राजनीति कर रही है। उन्होंने दोहराया कि खरगे को अपनी टिप्पणी के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
एनसीपी की वित्त मंत्री पद की मांग पर क्या बोलीं शायना?
महाराष्ट्र में एनसीपी की ओर से वित्त मंत्री पद की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर शायना एनसी ने इसे मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार बताया। उन्होंने कहा कि यह महायुति गठबंधन का आंतरिक मामला है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। उनके मुताबिक, गठबंधन के भीतर पदों और जिम्मेदारियों को लेकर निर्णय लेना संबंधित नेतृत्व का अधिकार है।
'महायुति में दरार की खबरें महज अफवाह'
महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन के सहयोगियों के बीच मतभेदों की खबरों को खारिज करते हुए शायना एनसी ने कहा कि गठबंधन में दरार की बातें करने वाले लोग केवल अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महायुति पूरी तरह एकजुट है और राज्य की प्रगति के लिए मिलकर काम करती रहेगी।
शायना के बयान से साफ है कि शिवसेना ने एक ओर खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज किया है, वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र में महायुति की एकजुटता को लेकर उठ रहे सवालों को भी खारिज करने की कोशिश की है।