उज्जैन: सड़क चौड़ीकरण के तहत उज्जैन की शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह शुरू हुई। मस्जिद कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर के मुताबिक, शहर काजी और कमेटी पदाधिकारियों की प्रशासन के साथ बातचीत के बाद शांतिपूर्वक तरीके से काम शुरू करने पर सहमति बनी है। कमेटी ने कहा कि मुस्लिम समाज सड़क चौड़ीकरण का सम्मान करते हुए प्रभावित हिस्से को हटाने में सहयोग कर रहा है।
प्रशासन से बातचीत के बाद शुरू हुआ काम
मस्जिद कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर ने बताया कि प्रशासन के साथ बातचीत के बाद सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाने का निर्णय लिया गया।उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज सड़क चौड़ीकरण के कार्य का सम्मान करता है और इस प्रक्रिया में स्वेच्छा से सहयोग कर रहा है।
लोगों ने खुद हटाया मस्जिद की दीवार का हिस्सा
फहीम सिकंदर के अनुसार, शुरुआत में प्रशासन की ओर से मौके पर कोई जेसीबी या पोकलेन मशीन नहीं लाई गई थी। समाज के लोगों ने स्वयं मस्जिद की दीवार के उस हिस्से को हटाना शुरू किया, जो सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है।हालांकि, मस्जिद का कुल कितना हिस्सा हटाया जाएगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। फिलहाल करीब 3 से 8 फीट हिस्से को लेकर चर्चा चल रही है।
रात में कुछ देर गर्म हुआ माहौल
कमेटी के सदस्य ने बताया कि रात में निर्णय की जानकारी सभी लोगों तक नहीं पहुंच पाने के कारण कुछ समय के लिए माहौल गर्म हो गया। इस दौरान पथराव की स्थिति भी बनी।बाद में वरिष्ठ लोगों की बातचीत और प्रभावित हिस्से को स्वेच्छा से हटाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्थिति शांत हो गई।
सात से आठ दिन लग सकते हैं काम पूरा होने में
फहीम सिकंदर ने बताया कि प्रभावित हिस्से को हटाने और संबंधित काम को पूरा करने में करीब सात से आठ दिन लग सकते हैं। जरूरत के अनुसार आगे मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कल सुबह से भी काम दोबारा शुरू होगा और पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
सड़क चौड़ीकरण के तहत हटाया जा रहा प्रभावित हिस्सा
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के तहत शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब आगे का काम आपसी सहमति और प्रशासन के साथ समन्वय के आधार पर किया जा रहा है।