पेरिस ओलंपिक 2024 में कुश्ती में भारत के अमन सहरावत ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। सहरावत ने पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग की फ्रीस्टाइल में ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मैच में डारियान टोई क्रूज को 13-5 से हराकर पदक जीता है। आपको बता दें कि, मौजूदा ओलंपिक में भारत का कुश्ती से ये पहला पदक आया है।
अमन ने तोड़ा पीवी सिंधु का कीर्तिमान...
पेरिस ओलंपिक 2024 में कुश्ती में अमन सहरावत ने 21 साल की उम्र में पदक जीतते ही इतिहास रच दिया है। आपको बता दें कि, अमन सहरावत भारत के लिए व्यक्तिगत इवेंट में ओलंपिक पदक जीतने वाले सबसे युवा एथलीट बने हैं। अमन सहरावत ने पीवी सिंधु का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बता दें कि, रियो ओलंपिक 2016 में बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने रजत पदक जीता था। तब उनकी उम्र 21 साल एक महीना 14 दिन थी। वहीं पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के अमन सहरावत की उम्र पदक जीतते समय 21 साल 24 दिन है।
अमन सहरावत ने रचा इचिहास
अमन पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान थे और उन्होंने निराश नहीं किया। अंडर 23 विश्व चैम्पियन अमन सेमीफाइनल में जापान के रेइ हिगुची से 0-10 से हार गए थे, लेकिन उन्होंने पदक की उम्मीद नहीं छोड़ी थी। बता दें कि, अमन का जन्म हरियाणा के झज्जर जिले में हुआ था। अमन ने छत्रसाल स्टेडियम से ट्रेनिंग की, जहां से योगेश्वर दत्त, बजरंग पूनिया, रवि दहिया और सुशील कुमार जैसे स्टार पहलवानों ने कुश्ती के दांव पेंच सीखे हैं।
2008 से हर ओलंपिक में भारतीय पहलवान जीत रहे मेडल
आपको बता दें कि, भारत ने 2008 के बाद से हर ओलंपिक में कुश्ती में पदक जीता है और यह सिलसिला अमन ने जारी रखा। बता दें कि, सुशील कुमार ने बीजिंग (2008) में कांस्य, योगेश्वर दत्त ने लंदन (2012) में, साक्षी मलिक ने रियो (2016) ने कांस्य, रवि दहिया और बजरंग पूनिया ने टोक्यो 2021 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। कुश्ती में भारत के लिए सबसे पहले ओलंपिक मेडल केधी जाधव ने जीता था।
Comments (0)