अफगानिस्तान टीम से हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अब कंगारू टीम की नजरें भारत के खिलाफ मुकाबले पर हैं। वहीं 24 मार्च 2024 को होने वाली इस भिड़ंत से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने बड़ा बयान दिया है।
यह महत्वपूर्ण मैच है जो भारत के खिलाफ होगा
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने कहा कि, उनकी टीम दबाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है और वह अफगानिस्तान से मिली हार से उबरकर भारत के खिलाफ होने वाले करो या मरो मैच में शानदार वापसी करेगी। आपको बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 के मैच में अफगानिस्तान से 21 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा। कप्तान मार्श ने कहा कि, यह महत्वपूर्ण मैच है जो भारत के खिलाफ होगा और इसमें हमें हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अगर हमारी इस टीम के इतिहास को देखें तो हमारे खिलाड़ी दबाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, हमारे खिलाड़ी निश्चित रूप से इसके लिए पूरी तरह तैयार होंगे।
36 घंटे के अंदर...
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, हमारे लिए चीजें अब क्लियर हैं। हमें खुद पर भरोसा रखना होगा। हमारे पास बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और मेरा मानना है कि, हम सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि, हमें सब कुछ भूलकर आगे बढ़ना होगा और अपना सबसे बेस्ट देना होगा। मार्श ने कहा कि, हमें इस हार से वापसी करनी होगी। हमारा अपने इन खिलाड़ियों पर बहुत भरोसा है। हमारी टीम बहुत अच्छी है, लेकिन आज का दिन हमारा नहीं था। उन्होंने कहा कि, सकारात्मक बात यह है कि, हमें 36 घंटे के अंदर वापसी करने का मौका मिल रहा है।
Comments (0)