लखनऊ: होली के त्योहार से पहले घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को इस बार महंगे हवाई किराए का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स के टिकट तीन गुना तक महंगे हो गए हैं, जबकि आम दिनों में यही किराया करीब 5 हजार रुपये रहता है। दो मार्च को IndiGo की मुंबई-लखनऊ फ्लाइट का किराया 10,416 रुपये दर्ज किया गया। वहीं Air India की फ्लाइट होली वीक में 13,058 रुपये तक बिकी। Akasa Air की टिकट कीमत भी 11,791 रुपये तक पहुंच गई। तीन मार्च को किराए में और उछाल देखने को मिला, जब कुछ उड़ानों का टिकट 16,193 रुपये तक पहुंच गया।
सिर्फ मुंबई ही नहीं, दिल्ली-लखनऊ रूट पर भी किराए में भारी बढ़ोतरी हुई है। तीन मार्च को दिल्ली से लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स का किराया 11,893 रुपये तक पहुंच गया, जबकि पहले यही टिकट 8 हजार रुपये से कम में उपलब्ध था। उधर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है। होली पर घर लौटने वालों के सामने बड़ी चुनौती है—ना ट्रेन में कन्फर्म सीट मिल रही है और ना ही फ्लाइट के सस्ते टिकट। त्योहार के करीब आते ही मांग बढ़ने से एयरफेयर में तेज उछाल देखने को मिल रहा है।
Comments (0)