डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार, 20 जनवरी को अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। ट्रम्प ने सत्ता संभालते ही देश से लेकर विदेश तक अमेरिकी नीतियों में कई बड़े बदलाव लाने की बात कही।
उन्होंने शपथ लेने के सिर्फ 6 घंटे के अंदर ही बाइडेन के 78 फैसलों को पलट दिया। इसमें अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने, बच्चों की नागरिकता खत्म करने, WHO और पेरिस जलवायु समझौता से अमेरिका को बाहर निकालने जैसे फैसले हैं।
जन्मजात नागरिकता को खत्म किया
ट्रम्प ने जन्मजात नागरिकता को खत्म कर दिया है। उन्होंने उन माता-पिता के बच्चों को जन्मजात नागरिकता देने से इनकार करने का आदेश दिया है जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं या फिर अस्थायी वीजा लेकर रह रहे हैं। ट्रम्प ने इस आदेश को लागू करने के लिए 30 दिन का समय दिया है।
कैपिटल हिंसा के दोषियों को माफी
ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनते ही 6 जनवरी 2021 को हुई कैपिटल हिल हिंसा के आरोप में गिरफ्तार हुए अपने करीब 1600 समर्थकों की सजा माफ कर दी है। जिन लोगों की सजा माफ हुई है उनमें कई देशद्रोह की साजिश जैसे मामलों के दोषी करार दिए जा चुके हैं।
अवैध प्रवासियों को बाहर निकालेंगे
ट्रम्प ने देश में अवैध प्रवासियों की एंट्री बैन करने और अवैध प्रवासियों को पकड़ कर बॉर्डर पर छोड़ने की पॉलिसी का ऐलान किया।
मेक्सिको बॉर्डर पर इमरजेंसी का ऐलान
ट्रम्प ने अमेरिका-मेक्सिको के बॉर्डर (दक्षिणी बॉर्डर) पर इमरजेंसी लागू करने की बात कही।
अमेरिकी सरकार के लिए सिर्फ 2 जेंडर
ट्रम्प ने कहा- आज से अमेरिकी सरकार के लिए सिर्फ दो जेंडर होंगे पुरुष और महिला।
7. पनामा नहर वापस छीनने की धमकी दी
ट्रम्प ने कहा कि वे पनामा नहर को वापस ले लेंगे।
मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलने का ऐलान
ट्रम्प ने मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी करने का ऐलान किया।
दूसरे देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान
ट्रम्प ने कहा है कि वे कनाडा और मेक्सिको पर 25% टैरिफ लगा सकते हैं। यह फैसला लगभग 10 दिन बाद 1 फरवरी से लागू होगा।
अमेरिका में इलेक्ट्रिक वाहन की अनिवार्यता खत्म
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनकी सरकार ग्रीन न्यू डील को समाप्त कर देगी। ग्रीन न्यू डील में क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देने की बात की गई है। इसके साथ ही ट्रम्प ने इलेक्ट्रिक वाहन की अनिवार्यता को खत्म करने की बात की।
Comments (0)