इंदौर। नवलखा स्थित स्नेह नगर के एक कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ओवरलोड होने के कारण लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में 7 लोग सवार थे, जिनमें पंजाब से इंदौर आए 6 मेहमान भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
दूसरी मंजिल से नीचे गिरी लिफ्ट
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे नवलखा के स्नेह नगर कॉम्प्लेक्स में हुई। लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।टीआई और पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पंजाब से आए 6 मेहमान भी घायल
बताया गया कि मनोज ढीगरा के यहां पंजाब से 6 मेहमान मिलने आए थे। ये सभी भी लिफ्ट में सवार थे और हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।
ओवरलोड होने की बात सामने आई
कॉम्प्लेक्स के चौकीदार लखन के मुताबिक लिफ्ट में क्षमता से ज्यादा लोग सवार हो गए थे। लिफ्ट से आवाज आने के बाद अंदर मौजूद लोग चिल्लाने लगे, जिसके बाद बचाव के लिए लोग मौके पर पहुंचे।लिफ्ट में कुल 7 लोग सवार थे और सभी सेकंड फ्लोर से नीचे आ रहे थे।
40 साल पुरानी है लिफ्ट, पहले भी हो चुके हैं हादसे
कॉम्प्लेक्स में A, B, C और D चार ब्लॉक हैं। यहां लगी लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी बताई जा रही है। लिफ्ट के बाहर एक नोटिस भी लगा है, जिसमें अधिकतम 4 लोगों के जाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद हादसे के समय 7 लोग लिफ्ट में सवार हो गए।जानकारी के मुताबिक D ब्लॉक की लिफ्ट पहले भी दो बार गिर चुकी है। कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग करीब 50 साल से ज्यादा पुरानी बताई जा रही है।
मेंटेनेंस को लेकर भी सवाल
पुलिस के मुताबिक बिल्डिंग काफी पुरानी है और लिफ्ट के मेंटेनेंस का काम भी बाकी है। बताया जा रहा है कि काफी समय से लोग लिफ्ट के मेंटेनेंस के लिए राशि नहीं दे रहे थे। पुलिस अब हादसे के कारणों और लिफ्ट की स्थिति की जांच कर रही है।