बांदीपोरा। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छोटी अमरनाथ यात्रा को रवाना किया गया। कालूसा स्थित शारदा माता मंदिर से यात्रा को बांदीपोरा के एडीसी जफर हुसैन और एसएसपी बांदीपोरा की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाई गई। यात्रा में इस साल कुल 108 श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
शारदा माता मंदिर में पूजा के बाद शुरू हुई यात्रा
यात्रा की शुरुआत शारदा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को बसों के जरिए अरिन डार्डपोरा के लिए रवाना किया गया। यहां से श्रद्धालु पवित्र गुफा तक पहुंचने के लिए करीब 7.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। जत्थे में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। श्रद्धालुओं के मुताबिक यात्रा को लेकर उनमें काफी उत्साह है और प्रशासन की ओर से भी बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। जगह-जगह सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम, पेयजल और लंगर की व्यवस्था भी की गई है। बांदीपोरा के एडीसी जफर हुसैन ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ट्रेकिंग रूट को तैयार करने के साथ पर्याप्त पानी और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
हरियाणा के गुरुग्राम से पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि वह युवा अवस्था में भी इस यात्रा में शामिल होते थे। कुछ समय तक यात्रा बंद रहने के बाद दोबारा शुरू होने पर वह फिर इसमें शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से प्रशासन, सेना और सीआरपीएफ यात्रा के आयोजन में बेहतर सहयोग कर रहे हैं। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और पवित्र गुफा के दर्शन के लिए उत्साह के साथ आगे बढ़े।